अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 10 अरब डॉलर के मानहानि मामले में BBC ने उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े दस्तावेज और बयान हासिल करने के लिए अमेरिकी अदालत से मदद मांगी है. BBC का कहना है कि ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप, उनके पति जेरेड कुशनर और बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के पास मामले से जुड़ी अहम जानकारी और रिकॉर्ड हो सकते हैं.
BBC के वकीलों ने फ्लोरिडा की संघीय अदालत में दाखिल याचिका में कहा कि इन तीनों को समन नहीं दिया जा सका, क्योंकि उनके साथ सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षाकर्मी रहते हैं. BBC ने अदालत से ईमेल और प्रमाणित डाक के जरिए समन भेजने की अनुमति मांगी है.
ट्रंप ने दिसंबर में BBC के खिलाफ 10 अरब डॉलर के हर्जाने का मुकदमा दायर किया था. उन्होंने BBC पर मानहानि और भ्रामक व अनुचित व्यापारिक तरीकों का आरोप लगाया है. मामला साल 2024 की एक डॉक्यूमेंट्री से जुड़ा है, जिसमें 6 जनवरी 2021 को कैपिटल पर हमले से पहले ट्रंप के भाषण को एडिट किया गया था.
मुकदमे में आरोप लगाया गया कि BBC ने ट्रंप के भाषण के दो अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर उनके बयान का मतलब गलत तरीके से पेश किया. ट्रंप ने इसे 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश बताया. BBC ने भ्रामक एडिट के लिए ट्रंप से माफी मांगी थी, लेकिन मानहानि के आरोप से इनकार किया था.
बीबीसी का क्या कहना
BBC के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और इवांका ट्रंप भाषण में बदलाव के दौरान ओवल ऑफिस में मौजूद थे. वहीं, कैपिटल में हिंसा शुरू होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने अपने पिता से सीधे बात भी की थी. BBC ने ट्रंप से उनके परिवार की ओर से समन स्वीकार करने या सीक्रेट सर्विस को समन देने की अनुमति देने का अनुरोध किया था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया.
जज ने ट्रंप की कानूनी टीम को BBC की मांग पर जवाब देने के लिए शुक्रवार तक का समय दिया है. ट्रंप की टीम ने BBC पर मामले से ध्यान भटकाने और ट्रंप व उनके परिवार को परेशान करने के लिए कानूनी प्रक्रिया का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. मामले की सुनवाई अस्थायी रूप से फरवरी में तय की गई है.
—- समाप्त —-
