दिल्ली के नंदू गैंग का सदस्य अनुराग मिश्रा गिरफ्तार, पेपर लीक गैंग के आरोपी पुष्कर पांडे के साथ यूपी STF ने दबोचा – up stf anurag mishra nandu gang pushkar pandey paper leakgang arrest lclcn


उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लखनऊ के विभूति खंड इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनुराग मिश्रा और पुष्कर पांडे के रूप में हुई है. अनुराग मिश्रा दिल्ली के कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि पुष्कर पांडे उत्तर प्रदेश के पेपर लीक नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है.

STF के मुताबिक, अनुराग मिश्रा दिल्ली के पश्चिम विहार में हुए राजकुमार दलाल मर्डर केस में आरोपी है और करीब दो साल से फरार चल रहा था. दिल्ली पुलिस को उसकी तलाश थी. उसके भाई आकाश मिश्रा को इसी हत्याकांड में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल दिल्ली की जेल में बंद है.

यह भी पढ़ें: अफजाल अंसारी की कोठी से हटेगी सीलिंग, कब्जा लेने लखनऊ पहुंचे MP

अनुराग मिश्रा के परिवार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके पिता दिलीप मिश्रा प्रयागराज के चर्चित डॉक्टर बंसल हत्याकांड के अभियुक्त हैं. दिलीप मिश्रा के खिलाफ चार दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं और वह वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद है.

पेपर लीक नेटवर्क से जुड़ा पुष्कर पांडे

अनुराग के साथ पकड़ा गया पुष्कर पांडे उत्तर प्रदेश में सक्रिय पेपर लीक गैंग का सदस्य बताया गया है. वह सिपाही भर्ती परीक्षा और RO/ARO भर्ती परीक्षा का पेपर लीक कराने वाले गैंग सरगना राजीव नयन मिश्रा का फुफेरा भाई है. सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक से जुड़े मामले में पुष्कर की भूमिका पहले भी सामने आ चुकी है.

STF के अनुसार, प्रयागराज के जिस आरोग्यम अस्पताल में RO/ARO भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को रोककर पेपर लीक कराया गया था, वहां अनुराग मिश्रा को इंचार्ज बनाया गया था. इस काम के बदले उसे कथित तौर पर 3 लाख रुपये दिए गए थे.

इसी तरह उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान मध्य प्रदेश के रीवा स्थित एक रिसोर्ट में करीब 600 अभ्यर्थियों को बसों के जरिए ले जाया गया था. आरोप है कि वहां पेपर लीक करने के बाद अभ्यर्थियों को उत्तर रटवाए गए. इस पूरी प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को रिसोर्ट तक लाने और वापस ले जाने की जिम्मेदारी पुष्कर पांडे के पास थी.

राजीव नयन मिश्रा से था सीधा कनेक्शन

पूछताछ और जांच में सामने आया है कि सिपाही भर्ती परीक्षा में मदद करने के बदले पेपर लीक गैंग के सरगना राजीव नयन मिश्रा ने पुष्कर पांडे को 2.5 लाख रुपये नकद दिए थे. पुष्कर पर मेरठ, प्रयागराज और कौशांबी में आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं.

पुष्कर पांडे का नाम सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है. वह मध्य प्रदेश में हुए NHM भर्ती पेपर लीक मामले में भी राजीव नयन मिश्रा के साथ पकड़ा गया था. ग्वालियर से हुई गिरफ्तारी के बाद वह जेल भी जा चुका है.

STF अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है. अनुराग मिश्रा से राजकुमार दलाल हत्याकांड के साथ उसके नंदू गैंग से संबंधों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है, जबकि पुष्कर से पेपर लीक नेटवर्क और राजीव नयन मिश्रा से जुड़े मामलों को लेकर पूछताछ की जा रही है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *