Vegetables To Grow In September: सितंबर का महीना आते-आते गर्मियों की सब्जियों का सीजन धीरे-धीरे खत्म होने लगता है. बाजार में जहां आने वाली सब्जियों को जहां खरीदने का मन नहीं करता है, वहीं गार्डन या किचन गार्डन में लगे कई पौधों पर भी सब्जियां लगनी बंद हो जाती हैं. ऐसे में आपको गार्डन में कई जगह खाली नजर आने लगती है. ये वो समय है जब ज्यादातर लोग सोचते हैं कि अब ठंड आने तक पौधे लगाने का कोई खास फायदा नहीं है. लेकिन ऐसा नहीं है. सितंबर का महीना सर्दियों की कई सब्जियों को बोने के लिए काफी अच्छा माना जाता है.
इस समय मौसम में गर्मी थोड़ी कम होने लगती है, जिससे कई ऐसी सब्जियां आसानी से बढ़ती हैं जिन्हें तेज गर्मी पसंद नहीं होती. कुछ सब्जियां तो कुछ ही हफ्तों में तैयार होकर आपकी रसोई में इस्तेमाल होने लायक भी हो जाती हैं, जबकि कुछ पौधे सर्दियों के लिए पहले से अपनी जड़ें मजबूत कर लेते हैं. यानी अगर आप अभी थोड़ी सी मेहनत कर लें, तो आने वाले महीनों में बाजार से सब्जियां खरीदने के बजाय घर के गार्डन से ताजी-ताजी तोड़ सकते हैं.
1. पालक: सितंबर में पालक लगाना काफी फायदेमंद हो सकता है. ये तेजी से बढ़ने वाली हरी सब्जी है और इसकी पत्तियां करीब एक महीने में तोड़ने लायक हो जाती हैं. खास बात ये है कि पूरे पौधे को एक साथ उखाड़ने के बजाय आप जरूरत के हिसाब से थोड़ी-थोड़ी पत्तियां काटी जा सकती हैं. इससे पौधा लंबे समय तक नई पत्तियां देता रहता है. अगर आपके घर में छोटा सा किचन गार्डन या कुछ गमले हैं, तो पालक उनमें भी आसानी से उगाया जा सकता है.
2. लहसुन: लहसुन को सितंबर में लगाना बहुत फायदेमंद होता है. दरअसल, ठंड शुरू होने से पहले इसकी जड़ों को अच्छी तरह डेवलप होने का समय मिल जाता है. इसके बाद पौधा सर्दियों में अपनी ग्रोथ धीमी कर लेता है और मौसम अनुकूल होने पर दोबारा तेजी से बढ़ता है.
लहसुन को ऐसी मिट्टी में लगाएं जिसमें पानी जमा न हो और पौधे को अच्छी धूप मिले. इसे तैयार होने में बाकी सब्जियों की तुलना में ज्यादा समय लगता है, इसलिए इसमें थोड़ा सब्र रखना जरूरी है.
3. मूली: अगर आप ऐसी सब्जी चाहते हैं जो जल्दी तैयार हो जाए, तो मूली आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकती है. सितंबर में मूली के बीज बोने पर कुछ ही हफ्तों में इसकी फसल मिल सकती है.
मूली की खासियत ये भी है कि इसे ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. गर्मियों की सब्जियां हटने के बाद गार्डन में जो छोटी-छोटी खाली जगह बच जाती है, वहां भी मूली लगाई जा सकती है. मिट्टी को हल्का नम रखें और कुछ ही समय बाद आपको जमीन के अंदर तैयार होती सफेद मूली नजर आने लगेगी.
4. केल: केल ठंडे मौसम में अच्छी तरह बढ़ने वाली सब्जियों में शामिल है. खास बात ये है कि टेंपरेचर कम होने के साथ इसकी पत्तियों का स्वाद और बेहतर हो सकता है.
सितंबर में इसे लगाने से आपको पतझड़ और सर्दियों के दौरान लगातार पत्तियां मिल सकती हैं. ये पौधा ज्यादा नाजुक भी नहीं होता, इसलिए ठंड बढ़ने पर भी इसे संभालना बाकी पौधे के मुकाबले आसान रहता है.
5. लेट्यूस: अगर आपको सलाद खाना पसंद है, तो सितंबर में लेट्यूस जरूर लगाएं. इसे तेज गर्मी के बजाय ठंडा मौसम ज्यादा पसंद होता है. इस समय लेट्यूस की ऐसी किस्में चुनना बेहतर रहता है जो ठंड को आसानी से सह सकें. आप एक साथ सारे बीज बोने के बजाय थोड़े-थोड़े गैप पर बीज बो सकते हैं. इससे एक ही समय पर पूरी फसल तैयार होने के बजाय आपको अलग-अलग समय पर ताजी पत्तियां मिलती रहेंगी.
6. फावा बीन्स यानी बाकला: अगर आप अभी पौधा लगाकर आने वाले मौसम के लिए तैयारी करना चाहते हैं, तो फावा बीन्स यानी बाकला भी अच्छा ऑप्शन है. सितंबर में लगाए गए पौधे सर्दी आने से पहले अपनी जड़ें मजबूत कर लेते हैं और मौसम गर्म होने पर तेजी से बढ़ना शुरू कर देते हैं.
हालांकि, इसे ऐसी मिट्टी में लगाना चाहिए जहां पानी जमा न हो. बहुत ज्यादा गीली मिट्टी या तेज ठंडी हवाओं वाली जगह पर इसे उगाना मुश्किल हो सकता है. इसलिए ये वक्त इसे उगाने के लिए सबसे बढ़िया है.
7. मटर: मटर को भी ठंडा मौसम काफी पसंद होता है. सितंबर में जल्दी तैयार होने वाली मटर की किस्में लगाने पर ठंड ज्यादा बढ़ने से पहले भी फसल मिल सकती है. गर्मियों की तेज गर्मी में मटर के पौधों को परेशानी हो सकती है, इसलिए सितंबर का बदलता मौसम इनके लिए अच्छा मौका देता है. अगर आप घर में ताजी और कुरकुरी मटर तोड़कर खाना चाहते हैं, तो अभी से इसकी तैयारी कर सकते हैं.
—- समाप्त —-
