दिल्ली: नरेला प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपियों का एनकाउंटर, दो के पैरों में लगी गोली – delhi narela property dealer murder rohini encounter gangster himanshu bhau investigation ntc aktw


दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार देर रात रोहिणी में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी. दोनों को घायल हालत में अस्पताल में एडमिट कराया गया है.

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में हुई. रोहिणी स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि नरेला हत्याकांड से जुड़े तीन बदमाश बाइक पर इस इलाके में आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी.

बाइक पर सवार होकर आए थे तीन बदमाश

पुलिस के मुताबिक, जैसे ही बाइक पर सवार तीनों बदमाश मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. स्पेशल स्टाफ की टीम ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा. आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस की बात मानने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी. दोनों घायल होकर गिर पड़े. पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया. तीसरे आरोपी को लेकर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है. घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस अब उनसे पूछताछ करेगी. साथ ही नरेला में हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से जुड़े पूरे मामले की जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में जिम के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवारों ने मारी कई गोलियां

क्या है पूरा मामला

दरअसल, दिल्ली के नरेला के बकनेर इलाके में 3 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई. प्रमोद जिम से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की. गोली लगने से प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल से पुलिस को 15 खाली कारतूस मिले हैं.

इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. इसमें हमलावर घटना के बाद बाइक से फरार होते दिख रहे हैं. एक आरोपी के हाथ में पिस्तौल भी नजर आ रही है. हत्या के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी. पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें बनाई.

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम सामने आया है. आरोप है कि हिमांशु भाऊ ने विदेश में बैठकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया था.

यह भी पढ़ें: पिस्टल निकाली, 15+ गोलियां मार किया छलनी, फिर बाइक पर बैठकर फरार… नरेला प्रॉपर्टी डीलर मर्डर का CCTV फुटेज

गैंगस्टर कनेक्शन की जांच कर रही पुलिस

दिल्ली पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना कब बनाई गई थी और इसमें कितने लोग शामिल थे.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर वारदात को कैसे अंजाम दिया गया. आरोपियों के संपर्क और उनके मोबाइल रिकॉर्ड की भी जांच की जा सकती है.

रोहिणी में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं. फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. जांच के बाद हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *