पाकिस्तान में तनाव की स्थिति बनी है. शहबाज शरीफ सरकार किसी भी कीमत पर पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी का प्रदर्शन न होने देने पर आमदा है, लेकिन इमरान खान की पार्टी PTI का लॉन्ग मार्च जारी है. वे हर हाल में जेल में बंद इमरान खान की रिहाई चाहते हैं. इमरान खान की पार्टी के नेता और खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहैल अफरीदी ने समर्थकों से कहा है कि वे सड़क पर निकले और अपने नेता की रिहाई के लिए आवाज बुलंद करें. सोहैल अफरीदी ही इस मार्च को लीड कर रहे हैं.
इधर शहबाज सरकार इमरान के समर्थकों को रोकने के लिए इस्लामाबाद को किले में तब्दील कर दिया है. और कई प्रमुख रास्तों पर कंटेनर और बैरिकेड लगाए गए हैं. पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है. सरकार ने प्रदर्शनकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी भी दी है. कई जगहों पर PTI समर्थकों और नेताओं के खिलाफ हिरासत और कार्रवाई की खबरें भी सामने आई हैं.
इमरान की पार्टी की क्या हैं डिमांड ?
PTI की सबसे बड़ी मांग जेल में बंद इमरान खान की रिहाई है. पार्टी का आरोप है कि इमरान खान को राजनीतिक मामलों में लंबे समय से जेल में रखा गया है. PTI यह भी चाहती है कि इमरान खान को उनके परिवार, वकीलों और पार्टी नेताओं से मिलने की पर्याप्त अनुमति दी जाए. पार्टी ने जेल में उनकी मेडिकल सुविधाओं और अन्य अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
प्रदर्शनकारियों की दूसरी बड़ी मांग सरकार पर, राजनीतिक दबाव कम करने की है. PTI चाहती है कि उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों और गिरफ्तारियों की समीक्षा की जाए. पार्टी का कहना है कि राजनीतिक विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार को बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए.
PTI के इस प्रदर्शन में हजारों समर्थकों के सड़क पर उतरने की बात सामने आई है. खैबर पख्तूनख्वा समेत अलग-अलग इलाकों से पार्टी समर्थक राजधानी इस्लामाबाद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रदर्शन में लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. हालांकि, प्रदर्शनकारियों की सही संख्या को लेकर सरकार और PTI के आंकड़ों में अंतर है.
प्रदर्शन के बीच हिंसा हुई है क्या?
हिंसा को लेकर भी तनाव की स्थिति बनी हुई है. प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव की आशंका लगातार बनी हुई है. कुछ जगहों पर झड़प और रास्ते बंद होने जैसी स्थिति सामने आई है, लेकिन मौजूदा विरोध को लेकर बड़े पैमाने पर हिंसा की स्थिति की पुष्टि अलग-अलग रिपोर्टों से ही स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें: ‘अस्पताल अलर्ट रहें…’, इमरान खान के लिए रिहाई मार्च से पहले खौफ में शहबाज सरकार!
इमरान खान कब से जेल में है और क्यों?
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. वर्तमान में वह रावलपिंडी की अडियाला जेल में कैद हैं.
इमरान खान पर भ्रष्टाचार, गोपनीय दस्तावेज लीक करने और सत्ता के दुरुपयोग से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं. मुख्य कारण निम्नलिखित हैं:
• तोशाखाना मामला : इमरान खान पर प्रधानमंत्री रहते हुए मिले सरकारी उपहारों (तोशाखाना के तोहफ़े) को बेचने और उनकी जानकारी छुपाने का आरोप है. इस मामले में उन्हें अदालत से सजा सुनाई गई है.
• अल-कादिर ट्रस्ट केस : इस मामले में आरोप है कि एक बड़े व्यावसायिक समझौते से जुड़े फंड के इस्तेमाल में नियमों का उल्लंघन किया गया और भ्रष्टाचार हुआ.
• अन्य मामले: उनके खिलाफ राष्ट्र के गोपनीय रहस्यों को उजागर करने (साइफर मामला) और गैर-कानूनी निकाह जैसे कई अन्य मामलों में भी मुकदमे चले हैं.
उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) इन सभी मामलों को राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताती है.
—- समाप्त —-
