भारत की मेजबानी में नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS समिट चल रहा है. शनिवार को समिट में शामिल नेताओं और डेलीगेट्स के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास डिनर रखा. इस दावत में मेहमानों को भारतीय स्वाद की कई खास डिश परोसी गईं. मेन्यू में मिलेट पुलाव, पनीर लबाबदार, हिमालयी गुच्छी से लेकर शहतूत फिरनी तक शामिल रही.
डिनर की शुरुआत ‘खंडवी मिले’ से हुई. यह बेसन से बनी नरम डिश है, जिसे भाप में पकाया जाता है. इसमें सरसों, नारियल और करी पत्ते का स्वाद दिया गया. इसे केसर वाले आम और दही के साथ परोसा गया.इसके साथ ‘खुंब गलौटी’ भी थी. यह मशरूम से बना कबाब है, जिसे तवे पर पकाया गया. इसे शीरमाल ब्रेड के साथ परोसा गया. इसमें पुदीने के स्वाद का भी इस्तेमाल किया गया.
मुख्य खाने में ‘पनीर लबाबदार’ शामिल था. इसमें पनीर को प्याज और टमाटर की ग्रेवी में पकाया गया. इसके साथ ‘गुच्छी मार्मिक’ परोसी गई. इसमें हिमालय में मिलने वाली गुच्छी मशरूम और शतावरी को केसर, किशमिश और मामरा बादाम के साथ पकाया गया था. मेन्यू में ‘कैरेट बीन पोरियल’ भी था. इसमें गाजर और हरी बीन्स को दक्षिण भारतीय मसालों के साथ पकाया गया. ऊपर से ताजा नारियल डाला गया.
मिलेट पुलाव और चुकंदर का रायता
खाने में ‘थक्काली बेल्ले सारू’ भी शामिल था. यह अरहर की दाल से बना हल्का शोरबा है, जिसमें टमाटर और करी पत्ते का स्वाद दिया गया. इसके साथ ‘मिलेट पुलाव’ परोसा गया. इसे बासमती चावल, बाजरा और मसालों से तैयार किया गया था. मेहमानों को चुकंदर का रायता भी दिया गया. अलग-अलग तरह की भारतीय ब्रेड भी मेन्यू का हिस्सा थीं.
मिठाई में जलेबी और शहतूत फिरनी
डिनर के आखिर में दो मिठाइयां परोसी गईं. पहली थी ‘ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी’. इसमें मौसमी फलों और हल्की क्रीम के साथ जलेबी दी गई. दूसरी मिठाई ‘शहतूत फिरनी’ थी. इसे दूध और चावल से धीमी आंच पर तैयार किया गया. ऊपर से शहतूत डाले गए. इसे सोने की पतली परत से सजाया गया.
100 से ज्यादा कलाकारों ने दी प्रस्तुति
गाला डिनर के दौरान 100 से ज्यादा कलाकारों ने प्रस्तुति दी. इनमें से ज्यादातर कलाकार भारत के थे। BRICS के दूसरे सदस्य देशों के कलाकार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए.
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS समिट की मेजबानी कर रहा है. समिट के पहले दिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के प्रमुख नेता मौजूद रहे.
—- समाप्त —-
