Vaikuntha Chaturdashi 2026: कार्तिक महीने में आने वाली वैकुंठ चतुर्दशी का हिंदू धर्म में विशेष स्थान है. यह दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव को समर्पित होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस तिथि पर दोनों देवताओं की साथ में पूजा करने से भक्तों को विशेष फल मिलता है. इस दिन पूजा-पाठ के साथ व्रत रखने की भी परंपरा है. इस साल वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व आज 23 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा. अगर आप भी इस दिन भगवान विष्णु और महादेव की आराधना करने वाले हैं, तो पूजा से पहले शुभ समय, पूजन विधि, मंत्र और आरती जान लें.
वैकुंठ चतुर्दशी 2026 आज
द्रिक पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को वैकुंठ चतुर्दशी मनाई जाती है. इस बार यह तिथि 23 नवंबर 2026, सोमवार को पड़ रही है. इस दिन मंदिरों में भगवान विष्णु और शिवजी की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. वैकुंठ चतुर्दशी के अगले दिन देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है. खासतौर पर वाराणसी में इस त्योहार की अलग ही रौनक देखने को मिलती है. यहां भगवान शिव और विष्णु के मिलन को हरि-हर मिलन के रूप में मनाने की परंपरा है.
वैकुंठ चतुर्दशी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी पर निशीथ काल में भगवान की पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है. इस बार चतुर्दशी तिथि 23 नवंबर की रात 2 बजकर 36 मिनट पर शुरू होगी और उसी दिन रात 11 बजकर 42 मिनट पर समाप्त हो जाएगी. वहीं, निशीथ काल में पूजा के लिए शुभ समय रात 11 बजकर 41 मिनट से लेकर 24 नवंबर की रात 12 बजकर 35 मिनट तक रहेगा.
वैकुंठ चतुर्दशी की पूजा विधि
इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ कपड़े पहनें. पूजा शुरू करने से पहले भगवान विष्णु और महादेव को याद करके व्रत का संकल्प लें. घर के मंदिर या पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें. इसके बाद दोनों देवताओं की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित करें. फिर भगवान विष्णु को पीले फूल, फल, तुलसी दल और पीले वस्त्र चढ़ाएं. अब महादेव को जल, बेलपत्र, धतूरा और सफेद फूल अर्पित करें. इसके बाद अपनी श्रद्धा के अनुसार भगवान विष्णु और शिवजी के मंत्रों का जाप करें. पूजा पूरी होने पर दोनों देवताओं की आरती उतारें और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना करें.
वैकुंठ चतुर्दशी पर करें इन मंत्रों का जाप
वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव और विष्णु की पूजा के साथ इन मंत्रों का जाप करना शुभ माना जाता है.
भगवान विष्णु मंत्र: ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय॥’
भगवान शिव मंत्र: ‘ॐ नमः शिवाय॥’
विष्णु गायत्री मंत्र: ‘ॐ नारायणाय विद्महे। वासुदेवाय धीमहि। तन्नो विष्णुः प्रचोदयात्॥’
महामृत्युंजय मंत्र:
‘ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥’
मान्यता है कि वैकुंठ चतुर्दशी पर श्रद्धा के साथ इन मंत्रों का जाप करने से भगवान शिव और विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है.
भगवान विष्णु की आरती
भगवान विष्णु की आरती
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी जय जगदीश हरे।
भक्त जनों के संकट, दास जनों के संकट,
क्षण में दूर करे॥
जो ध्यावे फल पावे, दुख बिनसे मन का।
सुख संपत्ति घर आवे, कष्ट मिटे तन का॥
मात-पिता तुम मेरे, शरण गहूं मैं किसकी।
तुम बिन और न दूजा, आस करूं मैं जिसकी॥
तुम पूर्ण परमात्मा, तुम अंतर्यामी।
पारब्रह्म परमेश्वर, तुम सबके स्वामी॥
तुम करुणा के सागर, तुम पालनकर्ता।
मैं मूरख खल कामी, कृपा करो भर्ता॥
तुम हो एक अगोचर, सबके प्राणपति।
किस विधि मिलूं दयामय, तुमको मैं कुमति॥
दीनबंधु दुखहर्ता, तुम ठाकुर मेरे।
अपने हाथ उठाओ, द्वार पड़ा तेरे॥
विषय-विकार मिटाओ, पाप हरो देवा।
श्रद्धा-भक्ति बढ़ाओ, संतन की सेवा॥
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी जय जगदीश हरे।
भक्त जनों के संकट, दास जनों के संकट,
क्षण में दूर करे॥
भगवान शिव की आरती
जय शिव ओंकारा, हर जय शिव ओंकारा।
ब्रह्मा विष्णु सदाशिव, अर्द्धांगी धारा॥
एकानन चतुरानन पंचानन राजे।
हंसासन गरुड़ासन वृषवाहन साजे॥
दो भुज चार चतुर्भुज दस भुज ते सोहे।
तीनों रूप निरखता त्रिभुवन जन मोहे॥
अक्षमाला वनमाला मुण्डमाला धारी।
त्रिपुरारी कंसारी कर माला धारी॥
श्वेताम्बर पीताम्बर बाघम्बर अंगे।
सनकादिक गरुणादिक भूतादिक संगे॥
कर मध्ये कमण्डलु चक्र त्रिशूल धर्ता।
जगकर्ता जगभर्ता जगसंहारकर्ता॥
ब्रह्मा विष्णु सदाशिव जानत अविवेका।
प्रणवाक्षर के मध्ये ये तीनों एका॥
त्रिगुण स्वामी की आरति जो कोई नर गावे।
कहत शिवानन्द स्वामी मनवांछित फल पावे॥
—- समाप्त —-
