भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (India-UK FTA) का असर अब लग्जरी कार बाजार में साफ दिखाई देने लगा है. ब्रिटेन की मशहूर लग्जरी कार कंपनी एस्टन मार्टिन ने भारत में अपनी कई कारों की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है. कंपनी ने कुछ मॉडल्स की कीमत में 4 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की कमी की है. यानी एक सरकारी समझौते ने ऐसा असर दिखाया कि कुछ कारों की कीमत एक झटके में करोड़ों रुपये नीचे आ गई.
एस्टन मार्टिन ने भारत में अपनी Vantage, DB12, DBX और Vanquish रेंज की कीमतों में कटौती की है. कंपनी का कहना है कि यह फैसला भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के लागू होने के बाद इंपोर्ट ड्यूटी में मिली राहत के चलते लिया गया है. कंपनी इस छूट का फायदा सीधे ग्राहकों तक पहुंचाना चाहती है. इससे एस्टन मार्टिन भी उन ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई है, जिन्होंने FTA का लाभ सीधे ग्राहकों को देना शुरू कर दिया है.
4.02 करोड़ तक सस्ती हुई ये कार
इस डील का सबसे बड़ा असर एस्टन मार्टिन की सबसे महंगी कार Vanquish Volante की कीमत पर देखने को मिला है. इसकी कीमत 10.92 करोड़ रुपये से घटाकर 6.90 करोड़ रुपये कर दी गई है. यानी इस मॉडल पर 4.02 करोड़ रुपये की सीधी कटौती की गई है. वहीं Vanquish Coupe की कीमत 3.71 करोड़ रुपये तक कम हुई है. इसके अलावा DBX S की कीमत में 2.65 करोड़ रुपये और DB12 S की कीमत में 2.64 करोड़ रुपये तक की कटौती की गई है. इससे इन कारों को खरीदने वाले ग्राहकों को बड़ी बचत होगी.
एस्टन मार्टिन की सबसे किफायती स्पोर्ट्स कारों में शामिल Vantage S की नई कीमत 3.15 करोड़ रुपये कर दी गई है. इस मॉडल पर 1.84 करोड़ रुपये की कटौती हुई है. वहीं Vantage S Roadster अब 3.35 करोड़ रुपये में मिलेगी, जिसकी कीमत 1.91 करोड़ रुपये कम की गई है.
भारत-यूके FTA लागू होने के बाद कई दूसरी ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनियां भी अपनी कीमतों में बदलाव कर चुकी हैं. सबसे पहले जगुआर लैंड रोवर ने रेंज रोवर एसवी और रेंज रोवर स्पोर्ट एसवी के दाम घटाए थे. इसके बाद McLaren ने अपनी 750S रेंज को सस्ता किया. वहीं Bentley ने भी Bentayga के लिए नई कीमतों पर बुकिंग शुरू कर दी है, जबकि उसके बाकी मॉडल्स की नई कीमतों का इंतजार किया जा रहा है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत-यूके FTA डील से ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनियों के बीच कम्पटीशन बढ़ेगा. अब तक ये कारें हाई इंपोर्ट ड्यूटी के चलते काफी उंची कीमत में आती थी. लेकिन अब इस डील से इन कारों की कीमत काफी कम हो जाएगी.
क्या है India-UK FTA डील?
इंडिया-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (India-UK FTA) भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ एक व्यापार समझौता है, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार को आसान और सस्ता बनाना है. इस समझौते के तहत कई उत्पादों पर लगने वाले आयात शुल्क (Import Duty) को कम किया गया है या भविष्य में फेज़्ड मैनर में घटाया जाएगा. इसका फायदा दोनों देशों की कंपनियों और ग्राहकों को मिलेगा.
ऑटो सेक्टर में इसका सबसे बड़ा असर ब्रिटेन से भारत आने वाली लग्जरी कारों पर दिखाई दे रहा है. आयात शुल्क कम होने से एस्टन मार्टिन, जगुआर लैंड रोवर, मैकलैरेन, बेंटले जैसी ब्रिटिश कंपनियां अपनी कारों की कीमतें घटा रही हैं, जिससे भारतीय ग्राहकों को पहले के मुकाबले कम कीमत पर ये कारें खरीदने का मौका मिलेगा. इस डील के लागू होने के बाद यूके में बनी और पूरी तरह तैयार यानी कम्पलीट बिल्टू यूनिट (CBU) लग्जरी कारों पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी 110 फीसदी से घटकर 30 फीसदी हो जाएगी. हालांकि यह फायदा पहले साल केवल 20,000 इंपोर्टेड कारों के तय कोटे पर ही मिलेगा.
—- समाप्त —-
