परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष जिस तरह बिखरता नजर आ रहा है, उसकी कल्पना शायद ही किसी ने की थी. संसद और संसद के बाहर सरकार को घेरने का एक बड़ा अवसर विपक्ष के सामने था, लेकिन इस मौके पर साझा रणनीति बनाने के बजाय विपक्षी दलों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं.
कांग्रेस हो, आम आदमी पार्टी हो या राष्ट्रीय जनता दल, अलग-अलग दलों से परिसीमन के मुद्दे पर सरकार के प्रस्ताव के समर्थन में आवाजें सुनाई दे रही हैं. शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत कुछ अन्य दलों के रुख से भी पहले ही यह संकेत मिलने लगे थे कि इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के भीतर एक राय बनाना आसान नहीं होगा. लेकिन विपक्ष में इस स्तर का बिखराव सामने आएगा, इसकी उम्मीद कम ही थी.
सवाल सिर्फ परिसीमन विधेयक का नहीं है. सवाल विपक्ष की राजनीतिक समझ, उसकी रणनीतिक क्षमता और नेतृत्व की विश्वसनीयता का भी है. किसी भी लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका केवल सरकार की नीतियों का विरोध करना नहीं होती, बल्कि वैकल्पिक विचार और नीतिगत दृष्टिकोण प्रस्तुत करना भी होती है. जब कोई बड़ा संवैधानिक या राजनीतिक मुद्दा सामने हो तो विपक्ष से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने मतभेदों को किनारे रखकर देश के सामने एक साझा दृष्टिकोण पेश करे. दुर्भाग्य से परिसीमन के मुद्दे पर ऐसा होता नहीं दिख रहा.
यह स्थिति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में विपक्ष के पास सरकार को चुनौती देने का एक अच्छा अवसर था. 2026 में केंद्र की सत्ताधारी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने राजनीतिक और नीतिगत चुनौतियां कम नहीं रही हैं. ऐसे में विपक्ष को अपनी एकजुटता प्रदर्शित करके राजनीतिक विमर्श की दिशा तय करने का मौका मिल सकता था. लेकिन जिस तरह अलग-अलग दल अपने-अपने राजनीतिक हितों और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर अलग सुर अलाप रहे हैं, उससे सरकार को विपक्ष की कमजोरी उजागर करने का अवसर मिल रहा है.
परिसीमन जैसे संवेदनशील विषय पर विपक्ष के सामने एक गंभीर जिम्मेदारी भी है. यह केवल लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने या घटाने का मामला नहीं है. इसके साथ राज्यों के प्रतिनिधित्व, संघीय ढांचे, क्षेत्रीय संतुलन और लोकतांत्रिक समानता जैसे सवाल जुड़े हैं. दक्षिण भारत के राज्यों की आशंकाएं अपनी जगह हैं तो उत्तर भारत के राज्यों की अपेक्षाएं भी महत्वपूर्ण हैं.
महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और लोकसभा में उनकी भागीदारी का प्रश्न भी इससे जुड़ता है. ऐसे में किसी भी प्रस्ताव पर समर्थन या विरोध का फैसला राजनीतिक नारेबाजी के बजाय व्यापक संवैधानिक विमर्श के आधार पर होना चाहिए. विपक्ष यदि सरकार के प्रस्ताव में खामियां देखता है तो उसे उनका स्पष्ट खाका पेश करना चाहिए. लेकिन अलग-अलग दलों के अलग-अलग बयान इस गंभीर बहस को कमजोर कर रहे हैं.
इस बिखराव के पीछे सबसे बड़ी वजह नेतृत्व का संकट है. इंडिया गठबंधन की स्थापना के समय नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. पटना से लेकर बेंगलुरु और मुंबई तक हुई बैठकों ने यह उम्मीद जगाई थी कि भाजपा के सामने एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार हो सकता है. नीतीश कुमार की पहल ने उन दलों को भी एक साथ बैठने के लिए प्रेरित किया था जो एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे हैं. लेकिन उनके एनडीए में लौटने के बाद विपक्षी खेमे में ऐसा कोई नेता नहीं उभर सका जो सभी दलों को साथ लेकर चलने की क्षमता और स्वीकार्यता रखता हो.
कांग्रेस सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है और स्वाभाविक रूप से उससे नेतृत्व की अपेक्षा की जाती है. लेकिन केवल सबसे बड़ी पार्टी होने से नेतृत्व का अधिकार नहीं मिल जाता. उसे क्षेत्रीय दलों की राजनीतिक हैसियत, उनकी चिंताओं और उनके चुनावी हितों को भी समझना होगा. दूसरी ओर क्षेत्रीय दल भी राष्ट्रीय मुद्दों पर केवल अपने राज्य के राजनीतिक समीकरणों के आधार पर फैसला नहीं कर सकते. गठबंधन की राजनीति में समझौता दोनों तरफ से होता है. कांग्रेस को सहयोगियों को साथ लेकर चलने की उदारता दिखानी होगी तो सहयोगी दलों को भी व्यापक विपक्षी एकता की जरूरत समझनी होगी.
राहुल गांधी लगातार सरकार के खिलाफ राजनीतिक और वैचारिक लड़ाई लड़ने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन विपक्षी एकता केवल किसी एक नेता के भाषणों या यात्राओं से नहीं बनती है. इसके लिए लगातार संवाद, साझा कार्यक्रम, राजनीतिक विश्वास और संकट के समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने की इच्छाशक्ति चाहिए. इंडिया गठबंधन के भीतर इन सभी मोर्चों पर कमजोरी दिखाई दे रही है. लोकसभा चुनाव के दौरान जो एकजुटता नजर आई थी, वह चुनाव के बाद धीरे-धीरे कमजोर होती चली गई. राज्यों के विधानसभा चुनावों में सहयोगियों के बीच तालमेल की कमी और सीटों को लेकर खींचतान ने भी गठबंधन की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है.
विपक्ष के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वह अपनी राजनीति को केवल भाजपा विरोध तक सीमित न रखे. उसे यह बताना होगा कि सत्ता में आने पर वह देश के संघीय ढांचे, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक न्याय के सवालों पर क्या वैकल्पिक दृष्टिकोण रखता है. परिसीमन जैसे मुद्दे पर भी एक साझा प्रस्ताव और स्पष्ट रणनीति पेश करके वह अपनी राजनीतिक परिपक्वता साबित कर सकता था.
लोकतंत्र में सत्ता पक्ष की ताकत जितनी महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण विपक्ष का मजबूत होना भी है कमजोर विपक्ष अंततः लोकतांत्रिक बहस को कमजोर करता है. भाजपा को चुनौती देने के लिए विपक्ष को केवल चुनावी गठबंधन नहीं, बल्कि एक राजनीतिक दृष्टि विकसित करनी होगी. उसे यह तय करना होगा कि उसका साझा उद्देश्य क्या है और उस उद्देश्य तक पहुंचने के लिए किस तरह की नेतृत्व व्यवस्था बनाई जाएगी.
परिसीमन का मुद्दा विपक्ष के लिए एक चेतावनी है. अगर वह इस अवसर पर भी अपनी एकजुटता नहीं दिखा पाता तो आने वाले समय में उससे किसी बड़े राजनीतिक संघर्ष की उम्मीद करना कठिन होगा. भाजपा के सामने विपक्ष की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी संख्या नहीं, बल्कि उसका बिखराव है. और जब तक इस बिखराव को दूर करने वाला कोई स्वीकार्य नेतृत्व सामने नहीं आता, तब तक इंडिया गठबंधन का राजनीतिक भविष्य सवालों के घेरे में बना रहेगा.
—- समाप्त —-
