कार में मिली 20 करोड़ की ड्रग्स… महाराजगंज के युवक के पास कहां से आई 48 किलो चरस? – maharajganj 48 kg charas seized man arrested lcla


उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 किलो चरस के साथ एक युवक को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, जब्त की गई चरस का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य लगभग 20 करोड़ रुपये आंका गया है. फिलहाल पुलिस टीम इस पूरे मामले को लेकर पड़ताल में जुटी है.

एजेंसी के अनुसार, आरोपी 35 वर्षीय राकेश यादव महाराजगंज का रहने वाला है. उसे पारसा मलिक थाने की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा. वह थुथिबारी से नौतनवा जा रहा था. पुलिस ने उसकी कार को रोककर तलाशी ली. इस दौरान 59 पैकेटों में छिपाई गई कुल 48.686 किलो चरस बरामद हुई. पुलिस ने इसी के साथ आरोपी की कार भी जब्त कर ली.

एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि राकेश यादव पर संदेह है कि वह किसी गिरोह के लिए मादक पदार्थों को लाने-ले जाने का काम कर रहा था. इसके अलावा कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से भाग निकला. उसकी तलाश की जा रही है.

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में नारकोटिक्स सिंडिकेट ध्वस्त, 11 करोड़ की ड्रग्स बरामद, 15 तस्कर गिरफ्तार

पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि चरस कहां से लायी गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.

इस मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. एएसपी ने कहा कि इस गिरफ्तारी से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य अहम सुराग हाथ लग सकते हैं.

पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो, तो तुरंत थाने को सूचित करें. आरोपी राकेश यादव के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस उसकी भूमिका तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हुई है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *