कुत्ते के काटने पर शिकायत करने पहुंचा युवक, पड़ोसियों ने सड़क पर लात-घूंसों से पीटा, Video – jhansi dog bite complaint turns violent youth seeks justice lclcn


उत्तर प्रदेश के झांसी से मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां कुत्ते के काटने की शिकायत करने पर एक युवक को कथित तौर पर पड़ोसियों के गुस्से का शिकार होना पड़ा. आरोप है कि पड़ोसियों ने युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा और बाद में उसे घसीटते हुए गली में छोड़कर फरार हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीगेट इलाके का बताया जा रहा है. वीडियो में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. वहीं एक महिला बीच-बचाव की कोशिश करती भी नजर आ रही है, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहती है.

यह भी पढ़ें: झांसी: चतुर्भुज पाल की मौत का जिम्मेदार कौन? अस्थियां गले में टांगकर कलेक्ट्रेट पहुंचा छोटा भाई, लगाई इंसाफ की गुहार

पीड़ित युवक की पहचान अनिकेत वर्मा के रूप में हुई है. वह बस स्टैंड स्थित एक होटल में काम करता है. पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसियों के कुत्ते ने उसे काट लिया था, जिसके बाद उसने इसकी शिकायत की और यहीं से पूरा विवाद शुरू हुआ.

कुत्ते के काटने से शुरू हुआ विवाद

अनिकेत वर्मा के मुताबिक, वह होटल में काम खत्म कर घर लौट रहा था. इसी दौरान पड़ोसियों के कुत्ते ने उसे काट लिया. इसके बाद वह शिकायत करने के लिए पड़ोसियों के घर पहुंचा, लेकिन वहां उसकी बात सुनने के बजाय उसे धमकाकर भगा दिया गया.

पीड़ित का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत शहर कोतवाली पुलिस से भी की थी. हालांकि उसके अनुसार शिकायत पर तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद मामला और ज्यादा बिगड़ गया.

अनिकेत का आरोप है कि शिकायत से नाराज पड़ोसियों ने रविवार को उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने उस पर लात-घूंसों की बारिश कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया.

देखें वीडियो…

मारपीट और घसीटने का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 29 और 32 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक को जमीन पर गिराकर पीटा जा रहा है. वीडियो में मारपीट के दौरान काफी हंगामा भी दिखाई देता है.

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी उसे बेहोशी की हालत में सड़क पर घसीटते हुए एक गली तक ले गए और वहां छोड़कर फरार हो गए. यह पूरा घटनाक्रम आसपास लगे कैमरों और स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गया.

अनिकेत ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उससे नकदी भी छीन ली गई. अब वह न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है और मुख्यमंत्री से इंसाफ की गुहार लगा रहा है.

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले को लेकर जब शहर कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है और इसकी जांच कराई जा रही है.

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि अनिकेत वर्मा शराब पीने का आदी है और कथित तौर पर आरोपियों के घर जाकर हंगामा कर रहा था. इसी दौरान विवाद बढ़ा और घटना हुई.

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. इसके बावजूद वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *