सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने देश की सियासत और सोशल मीडिया ट्रॉलिंग पर भड़कती नजर आई हैं. उन्होंने BJP और कांग्रेस, दोनों दलों के समर्थकों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि देश की पूरी राजनीतिक संस्कृति में अब खामी आ चुकी है.
गीतांजलि अंगमो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बीजेपी और कांग्रेस के रवैये को एक जैसा बताया. उन्होंने लिखा, ‘जब सोनम वांगचुक को हिरासत में लिया गया था, तब बीजेपी आईटी सेल ने हमें देशद्रोही, चीनी एजेंट, विदेशी फंडिंग पाने वाला और न जाने क्या-क्या कहा.’
उन्होंने आगे लिखा, आज जब हमने प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को ढोंग बताया, तो कांग्रेस के ट्रोल हमें संघी, आरएसएस और बीजेपी का चमचा बता रहे हैं.
‘झंडे भले ही अलग हैं, लेकिन…’
गीतांजलि अंगमो ने कहा कि दोनों पार्टियों के झंडे भले ही अलग हैं, लेकिन उनके काम करने का तरीका एक जैसा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को टैग करते हुए उन्होंने कहा, ‘इस सड़ांध ने हमारी पूरी राजनीतिक संस्कृति को संक्रमित कर दिया है.’
वांगचुक की पत्नी आगे कहती हैं, ‘भारत को सिर्फ सरकार बदलने की नहीं, बल्कि उससे ज्यादा की जरूरत है. इसे पॉलिटिक्स के ग्रामर में बदलाव की जरूरत है, जहां असहमति का जवाब बातचीत से दिया जाए, बुराई से नहीं, जहां देशभक्ति को ईमानदारी से मापा जाए, पार्टी से जुड़ाव से नहीं और जहां सच्चाई आदिवासी वफादारी से ज्यादा मायने रखती है.’
यह भी पढ़ें: ‘Gen-Z असली विश्वगुरु है’, धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोलीं सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि
बता दें कि गीतांजलि अंगमो सोनम वांगचुक के साथ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट में नजर आई थीं. जब 18 जुलाई को पुलिस सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी, तो गीतांजलि ने अदालत से अपील की थी कि वांगचुक को निजी अस्पताल में शिफ्ट किया जाए. इसके बाद वांगचुक को निजी अस्पताल ले जाया गया था और 27 जुलाई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है.
—- समाप्त —-
