भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली नोएडा की 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. जहां एक ओर ट्विशा के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं अब ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि ट्विशा नशे की आदी थीं और उन्हें बार-बार मूड स्विंग की समस्या होती थी. ससुराल पक्ष ने आरोप लगाया कि ट्विशा ड्रग्स लेती थीं.
यह दावा ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह ने अपनी जमानत याचिका में किया है. गिरीबाला सिंह भोपाल जिला अदालत की रिटायर जज हैं. उन्होंने सोमवार को दाखिल जमानत अर्जी में कहा कि ट्विशा की नशीले पदार्थों पर निर्भरता और मानसिक अस्थिरता उन परिस्थितियों की वजह बनी, जिनके चलते उनकी मौत हुई.
दिल्ली में हुई थी शादी, भोपाल में रहने लगीं ट्विशा
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ट्विशा शर्मा अपने भोपाल स्थित घर में फंदे से लटकी मिली थीं. उस समय वह गर्भवती थीं. ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के समर्थ सिंह से हुई थी. यह रिश्ता एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए तय हुआ था. शादी दिल्ली में हुई थी, जिसके बाद ट्विशा भोपाल आकर रहने लगी थीं.
फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल के तौर पर किया था काम
जमानत याचिका में गिरीबाला सिंह ने दावा किया है कि 12 मई की रात करीब 10 बजे ट्विशा ने परिवार के मकान की छत पर लोहे की सरियों से फांसी लगाकर आत्महत्या की. उन्होंने बताया कि शादी से पहले ट्विशा फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल के तौर पर काम कर चुकी थीं. उन्होंने तेलुगु और अन्य क्षेत्रीय फिल्मों के अलावा विज्ञापनों में भी काम किया था. साथ ही वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं और शादी के बाद भी घर से काम कर रही थीं.
6 महीने में पांच बार मायके जाने का आरोप
याचिका में कहा गया है कि शादी के बाद परिवार ने ट्विशा के व्यवहार में बदलाव महसूस किया. गिरीबाला सिंह के मुताबिक दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच ट्विशा पांच बार अपने मायके और अन्य जगहों पर गई थीं. इस दौरान उनके हाथ कांपना, चिड़चिड़ापन और अचानक मूड बदलना जैसे लक्षण देखे गए, जिन्हें उन्होंने नशा न मिलने पर होने वाले लक्षण बताया.
पिता ने माना था- ट्विशा नशा करती है!
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि जब इस बारे में ट्विशा के पिता से बात की गई तो उन्होंने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उनकी बेटी ऐसे पदार्थों का सेवन करती थी.
प्रेग्नेंट होने के बाद व्यवहार बदला
गिरीबाला सिंह ने कहा कि 17 अप्रैल को भोपाल के एक अस्पताल में गर्भवती होने की पुष्टि के बाद ट्विशा का व्यवहार काफी बदल गया था. वह तनावग्रस्त दिख रही थीं. आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद उन्होंने अपना सामान पैक किया और कहा कि वह अब गृहस्थ जीवन नहीं निभा सकतीं. अगले दिन 18 अप्रैल को वह फ्लाइट से दिल्ली चली गईं.
सास ने यह भी दावा किया कि दिल्ली पहुंचने के बाद ट्विशा सीधे घर नहीं गईं और इस देरी को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया, जिसे बचाव पक्ष उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल उठाने के लिए आधार बना रहा है.
ट्विशा के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, ट्विशा के परिवार ने इन सभी दावों को खारिज किया है. परिवार ने पति और ससुराल वालों पर लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने, गर्भावस्था को लेकर दबाव बनाने और हत्या के बाद सबूत मिटाने का आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान मिले थे.
रविवार को ट्विशा के पिता और परिजनों ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर धरना देकर न्याय की मांग की. परिवार ने दोबारा पोस्टमार्टम और अदालत की निगरानी में जांच की मांग की है.
मध्य प्रदेश पुलिस की ओर से गठित विशेष जांच दल इस पूरे मामले की जांच कर रहा है. फिलहाल पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरीबाला सिंह के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है. पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है और मामले की हर कड़ी को खंगाल रही है.
—- समाप्त —-
