दिल्ली पुलिस को सोमवार को दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल मिला. यह धमकी कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली विधानसभा परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया. बॉम्ब स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
दिल्ली पुलिस ने कहा कि तलाशी अभियान में कोई खतरनाक या हानिकारक चीज नहीं मिली, फिर भी एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसे कहां से और किसने भेजा. मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल भी जांच में जुटी है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है.
—- समाप्त —-
