4 शूटर, ताबड़तोड़ फायरिंग और चंद सेकंड में मर्डर… अंकित बालियान हत्याकांड का CCTV फुटेज आया सामने – shamli singer ankit baliyan murder cctv four assailants firing ntc agkp


उत्तर प्रदेश के शामली में मशहूर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है. बुधवार शाम मोहल्ला आर्यपुरी की नाल पटरी पर सिंगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे थे. अब इस हत्याकांड से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चार बदमाशों ने सिंगर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और उसे घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए.

पुलिस के मुताबिक अंकित बालियान बुधवार शाम जिम से बाहर निकल रहे थे. उसी दौरान सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सिंगर जैसे ही जिम से बाहर आते हैं, वैसे ही चार बदमाश अचानक वहां पहुंच जाते हैं. 

इसके बाद बदमाश बिना किसी देरी के सिंगर पर एक के बाद एक कई गोलियां चला देते हैं. गोलियां लगते ही सिंगर वहीं गिर पड़ते हैं और बदमाश मौके से भाग निकलते हैं. यह पूरा घटनाक्रम कुछ ही सेकंड में हो जाता है, जो फुटेज में साफ नजर आ रहा है.

यह भी पढ़ें: ‘इलाका गोलियों से गूंज उठा…’ शामली में जिस जिम के बाहर हुई अंकित बालियान की हत्या, उसके मालिक ने बयां किया खौफनाक मंजर

यह सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की जांच में तेजी आ गई है. अब पुलिस चारों हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है. फुटेज की मदद से पुलिस उनके चेहरे, कपड़े और भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके. वारदात की जगह के आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे बदमाशों के भागने के पूरे रूट का पता लगाया जा सके.

सिंगर अंकित बालियान हरियाणवी संगीत जगत में एक जाना पहचाना नाम थे और उनके फैंस की संख्या भी काफी बड़ी थी. ऐसे में उनकी हत्या की खबर से फैंस और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है. 

वारदात वाली जगह पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है और लोग इस बर्बर हत्याकांड को लेकर गुस्से में भी हैं. पुलिस अब जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है और इस केस को टॉप प्रायोरिटी पर लेकर चल रही है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *