शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की फिल्म कॉकटेल 2 को रिलीज होने में कुछ घंटे ही बचे हैं. 2012 में आई कॉकटेल सिर्फ एक आइकॉनिक फिल्म ही नहीं थी, बल्कि बॉक्स ऑफिस हिट भी थी. कॉकटेल 2 के ट्रेलर और गानों को मिल रहा रिस्पॉन्स ज्यादातर पॉजिटिव ही है, हालांकि फिल्म पर जनता को कुछ डाउट भी हैं. सबसे बड़ा रिस्क तो यही है कि कहीं यह सिर्फ पहली फिल्म की नई कॉपी ही न लगे. लेकिन एडवांस बुकिंग में कॉकटेल 2 को पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है और फिल्म दमदार शुरुआत के लिए तैयार नजर आ रही है.
कैसी है कॉकटेल 2 की एडवांस बुकिंग?
सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि गुरुवार शाम तक कॉकटेल 2 के लिए एडवांस में बुक हो चुके टिकट्स का आंकड़ा 90 हजार के करीब पहुंचने वाला है. इस एडवांस बुकिंग से फिल्म ने 3 करोड़ रुपये से ज्यादा का एडवांस ग्रॉस कलेक्शन कर डाला है. ब्लॉक सीट्स के साथ यह एडवांस ग्रॉस का आंकड़ा 6 करोड़ रुपये के करीब पहुंचने को है.
टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुक माय शो पर भी कॉकटेल 2 की बुकिंग रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है. यह रिपोर्ट लिखे जाने से पहले के एक घंटे में फिल्म के ऑलमोस्ट 3 हजार टिकट एडवांस में बुक हुए हैं. दिल्ली और मुंबई के कई थिएटर्स में शुक्रवार शाम के शोज ‘फिलिंग-फास्ट’ मोड में आ चुके हैं. इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि ए-रेटेड कॉकटेल 2 को यूथ से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. गुरुवार शाम तक फिल्म का एडवांस ग्रॉस 7 करोड़ रुपये के बहुत करीब पहुंच सकता है.
कैसी होगी कॉकटेल 2 की ओपनिंग?
एडवांस बुकिंग के आंकड़ों से अनुमान लगाया जाए तो कॉकटेल 2 शुक्रवार को 11 से 13 करोड़ रुपये के बीच ओपनिंग कलेक्शन करने के लिए तैयार नजर आ रही है.
2012 में आई कॉकटेल ने 11 करोड़ रुपये की ओपनिंग से शुरुआत की थी. ऐसे में कॉकटेल 2 ओरिजिनल फिल्म से बड़ी ओपनिंग के लिए तो तैयार नजर आ रही है. लेकिन इसकी ओपनिंग पहली फिल्म से कितनी बड़ी होगी, इसका फैसला कॉकटेल 2 की कहानी और सरप्राइज फैक्टर से होगा. अगर इसे अच्छे रिव्यूज और जनता का पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला, तो ओपनिंग का आंकड़ा और भी बड़ा हो सकता है.
कॉकटेल 2 का रिपोर्टेड बजट 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इसलिए इसे सिर्फ बड़ी ओपनिंग ही नहीं, पहले दिन दमदार वर्ड ऑफ माउथ की भी जरूरत है ताकि वीकेंड में कलेक्शन और ऊपर जाए. पहले वीकेंड के कलेक्शन से कॉकटेल 2 को वो पावर मिलेगी जो इसे बड़े बजट के बावजूद बड़ी हिट बना सकती है. वह पावर इस फिल्म में कितनी है, यह तो कुछ ही घंटों में पता चल ही जाएगा!
—- समाप्त —-
