‘प्रिय मित्र नरेंद्र…’, मैक्रों ने हिंदी बोलकर चौंकाया, PM मोदी ने कहा- वादा निभाना है – Macron Hindi Thank you PM Modi Dear Friend Narendra G7 Summit ntc rttm


फ्रांस में आयोजित सालाना G7 समिट का समापन हो गया है. ऐसे में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस की सफल यात्रा पर आभार जताया. लेकिन चौंकाने वाली बात ये रही कि उन्होंने हिंदी में वीडियो शेयर कर पीएम मोदी को विदाई दी.

मैक्रों ने हिंदी में कहा कि प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है, दौरे के लिए स्वागत करते हुए. फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे. इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में कहा कि मुझे उम्मीद है कि मैंने हिंदी सही तरीके से बोली. आपकी इस यात्रा के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. हमारी दोस्ती के लिए शुक्रिया. ये दौरा बेहद कामयाब रहा. फ्रांस आपसे प्यार करता है. हम फरवरी में आपसे दोबारा मिलने के लिए उत्सुक हैं. जय हिंद.

मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पीएम मोदी के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह पीएम मोदी का फ्रांस दौरे के लिए आभार जताते हैं. इस पर पीएम मोदी उनसे कहते हैं कि अब आपको भी अपना वादा पूरा करना है और भारत आना है. इस पर मैक्रों कहते हैं कि वह अगले साल फरवरी में जरूर भारत आएंगे.

इससे पहले भारत इनोवेट्स 2026 के उद्घाटन के दौरान मैक्रों ने औपचारिक रूप से पीएम मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी. इस उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए मैक्रों ने कहा था कि यह मील का पत्थर प्रधानमंत्री के नेतृत्व और भारतीय लोकतंत्र की मजबूती दोनों को दर्शाता है.

उन्होंने कार्यक्रम में कहा था कि यह आपके दृढ़ संकल्प वाले कार्यों, आपके देश की ताकत और उसकी महान उपलब्धियों के बारे में बहुत कुछ बताता है. यह वास्तव में अद्भुत है. बता दें कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा किया था, जिससे उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया था. नेहरू ने यह कार्यकाल 1952 से 1964 के बीच पूरा किया था.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *