6,6,6,6… भारतीय तेज गेंदबाज ने बल्ले से काटा गदर, हेड कोच गौतम गंभीर का रिएक्शन VIRAL – gurnoor brar smashes four sixes in over gautam gambhir reaction ind vs sl tspoa


श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम ने SLC XI (श्रीलंका क्रिकेट एकादश) के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेला है. कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड में आयोजित इस मुकाबले के दूसरे दिन (8 अगस्त) भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक लगाया, वहीं रवींद्र जडेजा भी अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे. हालांकि इन सबके बीच तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने पूरी महफिल लूट ली. 

गुरनूर बरार ने श्रीलंका क्रिकेट XI के स्पिनर दिलुम सुदीरा के एक ही ओवर में चार छक्के जड़ दिए. बरार मुख्य रूप से तेज गेंदबाज हैं, इसलिए निचले क्रम के बल्लेबाज से इस तरह की हिटिंग ने भारतीय डगआउट को भी उत्साहित कर दिया. हेड कोच गौतम गंभीर भी उनकी बल्लेबाजी देख हैरान रह गए. गंभीर ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया. दिन का आखिरी ओवर दिलुम सुदीरा डालने आए. पहली गेंद पर पडिक्कल ने एक रन लेकर स्ट्राइक बरार को दे दी. इसके बाद भारतीय पेसर ने अपने बल्ले की ताकत दिखाई.

गुरनूर बरार ने दूसरी गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से छह रन के लिए भेजा और फिर तीसरी बॉल पर सामने की ओर छक्का लगाया. अगली गेंद पर उन्होंने स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन कोई रन नहीं मिला. इससे उनकी आक्रामकता पर कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से स्टैंड्स में पहुंचाया. इसके बाद बरार ने आखिरी गेंद को डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छह रनों के लिए भेजकर दिन का जोरदार अंत किया. इस ओवर से भारत ने 25 रन बटोरे और स्कोर 350 के पार पहुंच गया.

पडिक्कल ने नंबर-3 के लिए ठोकी दावेदारी
भारत ने दूसरे दिन के खेल में कुल 90 ओवर्स की बैटिंग की, जिसमें उसने 6 विकेट खोकर 357 रन बनाए. दिन के सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज पडिक्कल रहे. उन्होंने 142 रनों की नाबाद पारी खेलकर पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली. साई सुदर्शन चोट से उबर नहीं पाए हैं और टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं. उनकी गैरमौजूदगी में नंबर-3 की जगह खाली है. अभ्यास मुकाबले में पडिक्कल की बड़ी पारी के बाद इस पोजीशन के लिए उनका दावा मजबूत माना जा रहा है.

उधर रवींद्र जडेजा ने 63 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला किया. मानव सुथार (41 रन) और केएल राहुल (40 रन) ने भी उपयोगी प्रदर्शन किया. गुरनूर बरार ने सिर्फ 18 गेंदों पर 36* रन बनाए, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल रहे. जहां देवदत्त पडिक्कल, राहुल, जडेजा और सुथार ने क्रीज पर समय बिताया, वहीं ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.

ऋषभ पंत सिर्फ दो रन बनाकर ऑफ स्पिनर रमेश मेंडिस का शिकार बने. उन्होंने टर्न के खिलाफ लॉन्ग ऑन के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर लॉन्ग ऑफ की ओर चली गई. ध्रुव जुरेल भी सिर्फ एक रन बना सके और मेंडिस ने उन्हें भी आउट किया. श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल परिस्थितियों में दोनों बल्लेबाजों की नाकामी टीम मैनेजमेंट के लिए गौर करने वाली बात होगी.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *