3 लाख रुपये का कर्ज, केस की धमकी… कांस्टेबल ने रची दंपती के डबल मर्डर की साजिश, साथी समेत गिरफ्तार – telangana suryapet double murder constable arrested lclcn


तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में 11 अगस्त की रात मोथे गांव के बाहरी इलाके में एक दंपती की हत्या कर दी गई. दोनों की उम्र करीब 40-45 साल बताई गई है. अगले दिन कुछ स्थानीय लोगों ने कृषि भूमि में उनके अधदबे शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्थानीय गांव के अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन खोदकर शवों को बाहर निकाला गया और उनकी पहचान कराई गई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती तौर पर यह डबल मर्डर का मामला सामने आया, जिसके बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई.

यह भी पढ़ें: तेलंगाना: सूर्यापेट में भीषण हादसा, नेशनल हाईवे पर ट्रक-ट्रैक्टर में भिड़ंत, बच्चे समेत 5 की मौत

पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 24 घंटे के भीतर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली. जांच में कांस्टेबल समेत दो लोगों की भूमिका सामने आई. दोनों आरोपियों को सूर्यापेट के नए बस स्टैंड के पास से हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल करने की बात पुलिस ने कही है.

3 लाख रुपये उधार दिए, वापस नहीं मिलने पर रची हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, मृतक दंपती पारिवारिक विवादों के सिलसिले में मोथे थाने आते-जाते थे. इसी दौरान उनकी जान-पहचान कांस्टेबल से हुई. दंपती ने कांस्टेबल को बताया था कि उनका दामाद पैसों के लिए उन्हें परेशान करता है. इसके बाद कांस्टेबल ने उन्हें करीब 3 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी थी.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, दंपती कथित तौर पर यह रकम वापस नहीं कर पा रहे थे. इतना ही नहीं, उन्होंने कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की धमकी भी दी थी. इसी बात से नाराज होकर कांस्टेबल ने दोनों को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

आरोपी ने हत्या के लिए एक साजिश तैयार की. उसने दंपती को भेड़ लोन के बारे में बताया और समझाया कि लोन की प्रक्रिया में निरीक्षण के दौरान भेड़ दिखानी होगी. इसके लिए उसने गांव के बाहरी इलाके में पानी की सुविधा वाली जगह पर भेड़ रखने की बात कही. इसी बहाने उसने दंपती को सुनसान स्थान पर बुलाने की योजना बनाई.

पहले पति को बुलाया, फिर पत्नी की भी हत्या

साजिश के तहत कांस्टेबल और उसका साथी बाइक से पति को गांव के बाहर स्थित जमीन पर ले गए. वहां पहुंचने के बाद जब वह गड्ढा खोद रहा था, तभी दोनों ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई. आरोपियों ने मौत की पुष्टि करने के बाद शव को उसी गड्ढे में दफना दिया.

इसके बाद आरोपी उसकी पत्नी को भी उसी स्थान पर लेकर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, महिला को तस्वीरें खींचने के बहाने वहां बुलाया गया था. मौके पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसकी भी हत्या कर दी और शव को गड्ढे में दफना दिया.

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के शरीर पर मौजूद आभूषण भी उतार लिए. दोनों शवों को खेत में आंशिक रूप से दफनाने के बाद आरोपी वहां से निकल गए. अगले दिन स्थानीय लोगों की नजर शवों पर पड़ी और पूरे मामले का खुलासा हुआ.

CCTV और तकनीकी सबूतों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच माध्यमों का इस्तेमाल किया गया. इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने कांस्टेबल और उसके साथी की पहचान की और दोनों को सूर्यापेट के नए बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया.

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की. पुलिस अब हत्या की साजिश, घटनास्थल पर दोनों आरोपियों की गतिविधियों और महिला के आभूषणों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. दंपती की हत्या के पीछे आर्थिक लेनदेन, शिकायत की धमकी और सुनियोजित साजिश को अहम वजह माना जा रहा है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *