केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सत्यीसन ने शनिवार को कहा कि उनके कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद मेटा ने CMO केरलम फेसबुक पेज से हटाए गए दो आधिकारिक पोस्ट बहाल कर दिए हैं.
ये पोस्ट आशा कार्यकर्ताओं के लिए ओणम त्योहार भत्ते की घोषणा और नबी दिवस की बधाई से जुड़े हुए थे. मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव रतन यू केलकर (आईएएस) द्वारा मेटा और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के समक्ष ये मुद्दा मजबूती से उठाने के बाद ये सामग्री ऑनलाइन वापस आई.
‘बहाल हुए Meta पोस्ट’
मुख्यमंत्री सतीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि केरल CMO के कड़े दखल के बाद @Meta ने @CMOKeralam के Facebook पेज से मनमाने ढंग से हटाई गई आधिकारिक पोस्ट को बहाल कर दिया है. हालांकि, कंटेंट वापस ऑनलाइन आ गया है, लेकिन त्योहार की बधाई से लेकर कल्याणकारी सूचनाओं तक, वेरिफाइड सरकारी कम्युनिकेशन को मनमाने ढंग से हटाना एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है. उन्होंने आधिकारिक संचार की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
पोस्ट में कहा गया है कि उनके सचिव रतन यू. केलकर (IAS) ने मेटा और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के साथ यह मामला उठाया था.
‘दोबारा न हों ऐसी घटना’
मुख्यमंत्री कार्यालय ने शनिवार को मेटा और केंद्रीय आईटी मंत्रालय को पत्र लिखकर इन दोनों पोस्ट को हटाने का औपचारिक कारण पूछा था. सचिव रतन यू केलकर द्वारा भेजे गए पत्र में आईटी एक्ट के तहत औपचारिक स्पष्टीकरण, पोस्ट ऑटोमेटेड तरीके से हटी या मैन्युअल रूप से, इस पर स्पष्टता और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सरकारी हैंडल्स की सुरक्षा की मांग की गई है और ये सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया था कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
इससे पहले शनिवार को CMO ने दो पोस्ट हटाए जाने को लेकर मेटा और केंद्रीय IT मंत्रालय को पत्र लिखा था और उन्हें बहाल करने तथा कार्रवाई के लिए स्पष्टीकरण मांगा था.
—- समाप्त —-
