Dry Clean Jeans at Home: बरसात में मोटी जींस सुखाने में लग जाते हैं 2-3 दिन? बिना पानी में भिगोए घर पर करें ड्राई क्लीन – how to clean jeans without washing in water how to dry clean jeans in monsoon tips jeans ghar par dry clean kaise karen tvist


Dry Clean Jeans at Home: बरसात का मौसम आते ही ठंडी हवा में चाय और पकौड़ों खाने का मजा लेना तो हर किसी को पसंद होता है, लेकिन इसी मौसम में कपड़े सुखाना सबसे मुश्किल काम बन जाता है. सबसे ज्यादा दिक्कत डेनिम की मोटी-मोटी जींस को सुखाने में आती है. जींस का कपड़ा बहुत मोटा होता है, जिसकी वजह से ये जल्दी सूखती नहीं है. कई बार दो-तीन दिन बाद भी जींस में नमी बनी रहती है और उसमें से सीलन की बदबू आने लगती है.

ऐसे में लोग बारिश के मौसम में जींस धोने से कतराने लगते हैं. अगर आपकी जींस भी बारिश में ठीक से नहीं सूख रही है, तो हर बार उसे धोने की जरूरत नहीं है. जी हां, आज हम आपको जींस को बिना धोए घर पर ड्राई क्लीन करने के आसान तरीके बताने वाले हैं. इन आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप बिना पानी में भिगोए भी जींस को फ्रेश और साफ रख सकते हैं.

1. बेकिंग सोडा से दूर करें बदबू: अगर जींस में से सिर्फ बदबू आ रही है और उस पर ज्यादा गंदगी नहीं लगी है, तो इसे साफ करने में बेकिंग सोडा काफी काम आ सकता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
जींस को किसी फ्लैट सरफेस पर फैला दें. फिर इसके ऊपर थोड़ा-सा बेकिंग सोडा छिड़क दें. अब बेकिंग सोडा को करीब एक घंटे तक ऐसे ही रहने दें और बाद में ब्रश या झटककर सोडा हटा दें. बेकिंग सोडा जींस की नमी और बदबू को सोख लेता है, जिससे जींस पहले से ज्यादा फ्रेश महसूस होती है.

2. दाग है तो पूरी जींस धोने की जरूरत नहीं: अगर जींस पर सिर्फ किसी एक जगह दाग लगा है, तो पूरी जींस धोने की बजाय उसी हिस्से को साफ करना सही रहता है.

कैसे साफ करें?
पुराने टूथब्रश पर थोड़ा-सा माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट या डिशवॉश लिक्विड लगाएं. दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से रगड़ लें. इसके बाद फिर गीले साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे जींस का रंग और फिटिंग भी सुरक्षित रहती है और दाग भी साफ हो जाता है.

3. फ्रीजर ट्रिक भी है काफी असरदार: हो सकता है आप जींस साफ करने का ये तरीका सुनकर हैरान रह जाएं, लेकिन ये काम का हो सकता है. कई लोग जींस साफ करने के लिए फ्रिजर ट्रिक का भी इसका इस्तेमाल करते हैं.

कैसे करें?
इस तरीके से जींस साफ करने के लिए जींस को अच्छी तरह फोल्ड करें. उसे जिप-लॉक बैग में बंद करें. इसके बाद रातभर फ्रीजर में रख दें. सुबह निकालकर नॉर्मल टेंपरेचर पर आने दें. इससे बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया कम हो सकते हैं और जींस की बदबू काफी हद तक कम महसूस होती है.

4. सफेद सिरके का स्प्रे करें इस्तेमाल: सफेद सिरका कपड़ों की बदबू कम करने में मददगार माना जाता है.

कैसे बनाएं स्प्रे?
सफेद सिरके की मदद से जींस साफ करने के लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाएं. चाहें तो खुशबू के लिए कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल की भी डाल सकते हैं. इसे जींस पर हल्का स्प्रे करें और फिर पंखे की हवा में सूखने दें. सूखने के बाद सिरके की बदबू भी चली जाती है और जींस फ्रेश महसूस होती है.

5. भाप से भी हो सकती है हल्की सफाई: अगर जींस पर ज्यादा गंदगी नहीं है, तो आप स्टीम का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

कैसे करें?
स्टीम की मदद से जींस को साफ करने के लिए जब आप गर्म पानी से नहा रहे हों, तब जींस को बाथरूम में हैंगर पर टांग दें. नहाने से बनने वाली भाप कपड़े के रेशों को ढीला करती है और हल्की बदबू व सिलवटें कम करने में मदद कर सकती है. इसके बाद जींस को 10-15 मिनट पंखे के नीचे टांग दें.

जींस कितनी बार धोनी चाहिए?
डेनिम से जुड़े कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर जींस ज्यादा गंदी नहीं हुई है, तो उसे हर बार पहनने के बाद धोने की जरूरत नहीं होती है. आमतौर पर 10-12 बार पहनने के बाद उसे धोया जा सकता है. बार-बार धोने से डेनिम का रंग, फिटिंग और कपड़े की मजबूती पर बुरा असर पड़ सकता है. इसलिए मॉनसून में जरूरत पड़ने पर ही जींस धोएं और बाकी समय इन आसान तरीकों से उसे बिना पानी से धोए साफ कर सकते हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *