Mango Rabri Falooda: गर्मी शुरू होते ही बाजार में रसीले आम छा जाते हैं और हर कोई कुछ नया और टेस्टी बनाने की सोचता है. इसके मीठे और रसीले स्वाद के सब दीवाने हैं. ये तपती गर्मी में राहत देता है. ऐसे में लोग आम से बहुत सी ठंडी रेसिपीज बनाते हैं. कभी मैंगो शेक तो कभी मैंगो आइसक्रीम. लेकिन इस बार क्यों न मैंगोशेक और आइसक्रीम छोड़कर कुछ नया ट्राई किया जाए?
मशहूर मास्टर शेफ कुणाल कपूर ने एक ऐसी रेसिपी शेयर की है, जो आपके डेजर्ट खाने के एक्सपीरियंस को बिल्कुल बदल देगी. ये रेसिपी है मैंगो रबड़ी फालूदा. ये सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि स्वाद का खजाना है. इसमें आप गाढ़ी रबड़ी की मिठास, ताजे आमों का खट्टा-मीठा जायका और मुलायम फालूदा तीनों का मजा एक साथ मिल सकता है. अगर आप भी इस गर्मी अपने परिवार को रेस्टोरेंट जैसा मजा घर पर देना चाहते हैं, तो ये क्लासिक इंडियन डेजर्ट आपके लिए परफेक्ट है. चलिए जानते हैं शेफ कुणाल कपूर के वो खास सीक्रेट्स, जिनसे आप घर पर ही ये लाजवाब और ठंडा-ठंडा मैंगो रबड़ी फालूदा बना सकते हैं.
इंग्रेडिएंट्स:
- फुल फैट दूध
- चीनी
- इलायची
- गुलाब जल (ऑप्शनल)
- पके हुए आम
- कस्टर्ड पाउडर या कॉर्नस्टार्च
- पानी
- बर्फ वाला ठंडा पानी
कैसे बनाएं रबड़ी?
मैंगो रबड़ी फालूदा बनाने के लिए आपको सबसे पहले रबड़ी बनाकर उसे ठंडा करने रखा होगा.
- रबड़ी बनाने के लिए सबसे पहले फुल फैट दूध को उबाल लें और फिर धीमी आंच पर पकाते हुए इसे 1/4 हिस्सा रहने तक गाढ़ा करें.
- जब दूध अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद करके इसमें इलायची पाउडर और थोड़ा सा गुलाब जल मिलाएं.
- अब इसे ठंडा होने के लिए रख दें. चाहें तो फ्रिज में रखकर भी ठंडा कर सकते हैं.
मैंगो फालूदा तैयार करने का तरीका
- पके हुए आम को काटकर मिक्सी में डालें और उसकी स्मूद प्यूरी बना लें.
- अब इसमें चीनी और कस्टर्ड पाउडर डालें. इसके बाद धीरे-धीरे पानी मिलाकर अच्छे से घोल तैयार करें. ध्यान रहे पानी और कस्टर्ड पाउडर को मिलाते वक्त लगातार चलाते रहें.
- इस मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक ये बहुत गाढ़ा न हो जाए.
फालूदा बनाने का तरीका:
1. फालूदा मशीन से: अगर आपके घर पर फालूदा बनाने की मशीन है, तो आप फालूदा के लिए तैयार की गई प्यूरी को फालूदा मशीन में डालें. इसके बाद मशीन चालते हुए सीधे बर्फ वाले ठंडे पानी में फालूदा निकालें. 5 मिनट बाद सॉफ्ट और स्ट्रिंग जैसा फालूदा तैयार हो जाएगा.
2: बिना मशीन के: अगर आपके घर पर मशीन नहीं है तो आप बिना उसके भी फालूदा बना सकते हैं. बिना मशीन के फालूदा बनाने के लिए मिश्रण को एक प्लेट में पतला फैलाकर ठंडा करें. फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इससे भी फालूदा अच्छी तरह से बनेगा.
ऐसे गिलास में डालें:
अब आती है सब चीजों को गिलास में डालने की बारी.
- एक गिलास में पहले फालूदा डालें, फिर आम की प्यूरी और ऊपर से ठंडी रबड़ी डालें.
- आप चाहें तो ऊपर से ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं. आपका मैंगो रबड़ी फालूदा तैयार है.
—- समाप्त —-
