पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते मोहम्मद रजा डार को दो विदेशी महिलाओं के कथित अपहरण और गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार किया गया है. इस हाई-प्रोफाइल केस में अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले ने पाकिस्तान की राजनीति में भी हलचल मचा दी है.
पंजाब पुलिस के मुताबिक, यह घटना 29 जून को लाहौर में हुई थी. पीड़ित महिलाओं में एक नीदरलैंड और दूसरी वेनेजुएला की नागरिक है. दोनों महिलाएं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने-अपने दूतावासों की मदद से यूरोप लौट गई हैं. पुलिस ने उनकी सहमति से मेडिकल जांच कराई और बयान भी दर्ज किए.
यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान में पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड्स कैंप पर हमला, देखें BLA का जारी Video
लाहौर के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (ऑपरेशंस) फैसल कमरान ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद रजा डार है. वह विदेश मंत्री इशाक डार का पोता है. पुलिस के मुताबिक, रजा डार की दोनों महिलाओं से पिछले साल सिंगापुर में मुलाकात हुई थी. बताया गया कि वे एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में साझेदार थे. रजा डार ने ही दोनों महिलाओं के पाकिस्तान आने के लिए बिजनेस वीजा की व्यवस्था की थी.
विदेशी महिला से गैंगरेप केस में और कौन-कौन अरेस्ट?
पुलिस ने मामले में हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली समेत कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, लेकिन उनके नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.
यह भी पढ़ें: PAK के डिप्टी पीएम इशाक डार के इस्तीफे की मांग, लाहौर गैंगरेप केस में आया है पोते का नाम
इशाक डार से इस्तीफे की उठी मांग
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है. पाकिस्तान के सीनेटर फैसल वावडा ने इशाक डार के पोते की गिरफ्तारी के बाद विदेश मंत्री से इस्तीफे की मांग की है. उनका कहना है कि इतने गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सरकार को जवाबदेह होना चाहिए.
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. दूसरी ओर, पीड़ित महिलाएं कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अपने देश लौट चुकी हैं.
—- समाप्त —-
