सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कहा है कि वह जंतर-मंतर पर अपना शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी. इस बीच, CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने ‘इंडिया टुडे’ को बताया कि पार्टी कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेगी.
सीजेपी ने सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने पर भी प्रतिक्रिया दी है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘हमें राहत है और हम आभारी हैं कि सोनम सर ने 26 दिनों बाद अपना अनशन खत्म कर दिया है.’
दिपके ने आगे लिखा, आपके असाधारण साहस और त्याग के लिए धन्यवाद. अपनी जान जोखिम में डालकर आपने पूरे देश की अंतरात्मा को जगाया. इस देश के लिए आपकी जान बहुत कीमती है.
अभिजीत दिपके ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
वांगचुक ने 26 दिनों बाद तोड़ा अनशन
सोनम वांगचुक ने अब अपना अनशन तोड़ दिया है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह व लेह-लद्दाख की ‘एपेक्स बॉडी’ के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने 26 दिनों के बाद अपना अनशन समाप्त किया है.
वांगचुक ने कहा इससे पहले, अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन तोड़ने का आग्रह किया था. यह कदम विभिन्न शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.
सोनम वांगचुक ने बताया मैं बहुत जल्द एक अलग वीडियो में इन शर्तों के बारे में विस्तार से बताऊंगा. इस बीच, मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि कहीं भी किसी भी तरह की हिंसा न होने देने को लेकर बहुत सतर्क रहें.
—- समाप्त —-
