बस्ती में दारोगा की दबंगई: बाइक पर किसी ने थूका तो बेगुनाह मासूम को बेरहमी से पीटा, SP ने लिया एक्शन – Basti Inspector Shunted After Beating Mentally Ill Minor Over Paan Stain On His Bike lclam


बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी बाजार में तैनात एसआई शैलेंद्र सिंह ने एक मानसिक रूप से बीमार नाबालिग विकास कुमार को अपनी बाइक पर थूकने के शक में बुरी तरह पीट दिया. यह घटना तब हुई जब दारोगा की बाइक पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पान खाकर थूक दिया था. बच्चे द्वारा अनभिज्ञता जताने पर एसआई ने उसे गालियां दीं और अमानवीय व्यवहार करते हुए उससे अपनी बाइक साफ करवाई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और एसपी यशवीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई की.

मासूम की दवा चल रही है गोरखपुर से

पीड़ित नाबालिग विकास कुमार के पिता गौतम कुमार बनकटी बाजार में गन्ने के जूस का ठेला लगाते हैं. विकास मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है. पिता ने बताया कि वह बच्चे को ठेले पर बिठाकर किसी काम से गए थे, तभी वहां आए दारोगा शैलेंद्र सिंह ने अपनी झल्लाहट मासूम पर निकाल दी. इस पिटाई से बच्चा गहरे सदमे में है और लगातार रो रहा है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रोते बच्चे का वीडियो

इस अमानवीय कृत्य का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसमें बच्चा रो-रोकर दारोगा की करतूत बयां कर रहा है. वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों का कहना है कि जिस खाकी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही रक्षक ‘भक्षक’ बन गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया.

एसपी यशवीर सिंह का बड़ा एक्शन

मामला संज्ञान में आते ही एसपी यशवीर सिंह ने आरोपी एसआई शैलेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. डिप्टी एसपी कुलदीप यादव ने पुष्टि की है कि दारोगा का यह आचरण पुलिस विभाग की नियमावली के विरुद्ध है. आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *